विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सरकार के सभी मंत्री, सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों का गैरसैंण पहुंचने का सिलसिला जारी है। सोमवार को भराड़ीसैंण पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने सत्र की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभा मंडप में जाकर निरीक्षण किया।
मगनलाल को दी जाएगी श्रद्धांजलि
राज्यपाल के बजट अभिभाषण के बाद अपराह्न तीन बजे थराली के दिवंगत विधायक मगनलाल शाह को सदन में श्रद्धांजलि दी जाएगी। इस दौरान नेता सदन, नेता प्रतिपक्ष, संसदीय कार्यमंत्री व पक्ष व विपक्ष के सदस्य शाह के प्रति शोक संवेदनाएं प्रकट करेंगे। राजनीति और सामाजिक सेवा में उनके योगदान को याद किया जाएगा।
-यह ऐतिहासिक सत्र है। पहली बार भराड़ीसैंण में बजट सत्र और राज्यपाल का अभिभाषण होगा। सत्र की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
- प्रकाश पंत, संसदीय कार्य मंत्री
- सरकार को स्थायी राजधानी पर अपना रुख साफ करना होगा। उसे बताना होगा कि गैरसैंण कौन सी राजधानी होगी। बुधवार को विपक्ष सरकार से यह प्रश्न उठाएगा।
डॉ. इंदिरा हृदयेश, नेता प्रतिपक्ष।
- राज्यपाल का बजट अभिभाषण भराड़ीसैंण में होना न सिर्फ ऐतिहासिक है अपितु गौरव की बात है। सत्र की सभी व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं।
प्रेमचंद अग्रवाल, विधानसभा अध्यक्ष