स्मार्ट सिटी के तहत कंपनी के सीईओ को अनुबंध पत्र देते मेयर सुनील उनियाल गामा
स्मार्ट सिटी के तहत शहर में 60 जगह फ्री वाई-फाई जोन बनेंगे। इसके लिए 60 स्मार्ट पोल लगाए जाएंगे, जिन पर वाईफाई, स्मार्ट लाइटें और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन्हें सदैव दून (आईसीसीसी) से भी कनेक्ट किया जाएगा। वहीं, 70 जगहों पर ग्राउंड बेस्ट मोनोपोल (जीबीएम) टावर भी लगेंगे। 100 किमी लंबी अंडरग्राउंड फाइबर का नेटवर्क भी बिछाया जाएगा। यह काम जल्द शुरू होगा।
सोमवार को जीएमएस रोड स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में देहरादून स्मार्ट सिटी लि. और इंडस टावर्स के बीच एग्रीमेंट हुआ। मेयर सुनील उनियाल गामा ने कंपनी के सीईओ विमल दयाल को अनुबंध पत्र सौंपा। मेयर गामा ने कहा कि इससे दून का डिजिटल नेटवर्क मजबूत होगा। लोगों को वाईफाई में इंटरनेट की बेहतर गुणवत्ता मिलेगी। वहीं स्मार्ट सिटी लि. के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एसीओ) आशीष भटगांई ने बताया कि दूनवासियों की सुरक्षा, बेहतर कनेक्टीविटी एवं स्वास्थ्य अहम प्राथमिकता है। इस दिशा में काम किया जा रहा है।
स्मार्ट पोलों से बिजली खपत होगी कम
स्मार्ट पोलों पर एलईडी लगी होंगी, जिससे बिजली की खपत में भी भारी कमी आएगी। इन पोलों में शहर की सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए सीसीटीवी से भी युक्त होंगी।
निगरानी तंत्र होगा मजबूत
स्मार्ट पोल पर लगे सीसीटीवी के जरिये शहर का निगरानी तंत्र मजबूत होगा। इसके जरिये विभिन्न विभागों में बेहतर तालमेल बनाया जा सकेगा। इतना ही नहीं इसके जरिये समय-समय पर महत्वपूर्ण सूचनाओं को अनाउंस किया जाएगा। इससे लोगों को काफी सहूलियत होगी।