मुंबई में आयोजित उत्तराखंड की सभ्यता और संस्कृृति पर आधारित कौथिग (मेले) में जौनसार बावर पौराणिक संस्कृति लोक कला मंच लोहारी लोखंडी के सदस्यों ने जौनसारी लोक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेरी। कलाकारों ने कार्यक्रम में ढोल-नगाड़ों के बीच हाथी, हिरन, झेंता, रासो, हारुल, तांदी, नाटी और पांडव नृत्य की प्रस्तुति से सबको मंत्र मुग्ध कर दिया। कलाकारों की इस प्रस्तुति को मुंबई में रहने वाले उत्तराखंड के लोगों ने खासा सराहा। मनमोहक प्रस्तुति को देख कार्यक्रम में मौजूद लोग भी कलाकारों संग थिरक उठे। कलाकारों ने मंच के निदेशक कुंदन सिंह चौहान के नेतृत्व में इस मेले में प्रतिभाग किया। उन्होंने बताया कि मेले में मंच सदस्यों की प्रस्तुति शानदार रही। कार्यक्रम में लोक गायक नरेश बादशाह, अरविंद राणा, धर्म सिंह चौहान, आनंद सिंह चौहान, सागर, सुभाष, नितेश, सचिन, महेंद्र, बबीता चौहान, सपना, दिव्या चौहान, सोनाक्षी, आयुषी, ममता, मनीषा, अंकिता शामिल रहे।