ओएनजीसी के रिटायर्ड अधिकारी से बीमा पालिसी में बोनस देने के नाम पर करीब 14 लाख 86 हजार रुपये ठग लिए गए। एसएसपी के आदेश पर कैंट कोतवाली में 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
2014 में पहले भी पालिसी में एजूकेशन ऋण के नाम पर इसी अधिकारी से 33 लाख रुपये ठग लिए गए थे, जिसमें दो लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गुरुवार को कैंट कोतवाली क्षेत्र के वनस्थली निवासी ओएनजीसी अधिकारी राजेन्द्र प्रसाद भट्ट ने एसएसपी स्वीटी अग्रवाल से मिलकर बताया कि उन्हें एक नंबर को कॉल आई थी कि उनकी पालिसी पर कई लाख रुपये बकाया है।
डीके झा, राहुल रावत, गोपेश्वर मिश्रा, रोहित गोस्वामी, राजीव खंडेलवाल, अजय गुप्ता, सुनील त्रिपाठी, आकाश, आरके कृष्णन, दलजीत सिंह, स्वेता, प्रदीप कुमार और प्रवेश कुमार द्वारा अलग-अलग नंबरों से फोन किया गया।
आरोप है कि इन लोगों ने झांसा देकर 14 लाख 87 हजार रुपये विभिन्न खातों में स्थानांतरित करा लिए। बाद में उन्हें ठगी का अहसास हुआ। कप्तान के आदेश पर कैंट पुलिस ने धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।