देहरादून में दुकान का सौदा कर व्यक्ति से 22 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई। मामले में पुलिस ने दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि जिस दुकान को बेचने के लिए एडवांस लिया गया, वह पहले से ही बैंक में बंधक थी। इकरारनामा करने के बावजूद दुकान किसी और को बेचकर धोखाधड़ी की गई।
शहर कोतवाली के इंस्पेक्टर विद्याभूषण नेगी ने बताया कि सुनील कुमार निवासी रेसकोर्स ने शिकायत दर्ज कराई है। बताया कि फरवरी 2021 में परिचित ने यशपाल चांदना निवासी लूनिया मोहल्ला से मिलवाया। यशपाल ने बताया कि उनकी पत्नी कविता चांदना के नाम पर सरनीमल बाजार में दुकान है। इसे वह बेचना चाहते हैं। 31 लाख में सौदा हो गया। चार लाख रुपये नकद दिए गए। 24 जुलाई 2021 को यशपाल चांदना ने अपनी पत्नी कविता चांदना को साथ लाकर संपत्ति का एक पंजीकृत इकरारनामा उनके पक्ष में लिखा।
इसमें 15 लाख रुपये देने का जिक्र किया गया। इसके बाद और रकम ली गई। लेकिन, रजिस्ट्री करने से बचते रहे। पता चला कि जिस दुकान को बेचने के लिए एडवांस पैसा लिया गया, वह आईसीआईसीआई होम फाइनेंस में बंधक है। दूसरी तरफ, दंपती ने मिलकर 21 मार्च 2022 को दुकान किसी और को बेच दी।