शादी का जो कार्ड तैयार किया गया है, वह बेहद अनोखा है। शादी का कार्ड एक बड़े बॉक्स में है। इसमें शादी की डिटेल वाली छह प्लेटे हैं, जो चांदी की बनी हैं। इनका कुल वजह 4.5 किलो है। इसके अलावा प्रिंटेड पेपर कार्ड भी अनोखा है। इसके पहले पन्ने पर गुप्ता परिवार का लोगो बना है। इसके बाद के पन्नों पर औली और बदरीनाथ धाम की तस्वीरें हैं।
दो सौ हेलीकॉप्टर बुक
शादी समारोह में देश-विदेश के कई मेहमान पहुंचेंगे। इनके लिए दो सौ हेलीकॉप्टर बुक किए गए हैं। हेलीकॉप्टर दिल्ली और देहरादून से उड़ान भरेंगे। दिल्ली से सभी मेहमानों को उत्तराखंड लेकर आएंगे और शादी के साथ हिमालय दर्शन भी कराएंगे।
100 पंडितों का दल कराएगा खास विवाह
दोनों बच्चों की शादियां 100 पंडितों का दल कराएगा। इसमें अवधेशानंद महाराज मुख्य पुजारी होंगे। इसके अलावा कथा वाचक रमेश भाई ओझा भी शामिल रहेंगे। दोनों बेटों की शादी दिन में होगी। 22 को शशांक की शादी के बाद पूरा दल बल त्रिजुगीनारायण जाएगा और शिव पार्वती का आशीर्वाद लेगा।
शादी में आने वाले मेहमानों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात दिल्ली की कंपनी ली चाट को जिम्मा दिया गया है। लगभग 400 अलग-अलग पकवानों की व्यवस्था होगी। देश और दुनिया के लगभग सभी अहम व्यंजन शादी समारोह में परोस जाएंगे। उत्तराखंड के पकवानों को भी इसमें जगह मिलेगी।
गुप्ता परिवार ने बताया कि उनकी माता अंगूरी देवी की इच्छा थी कि त्रिजुगीनारायण में ही फेरे लिए जाएं, लेकिन वहां जगह कम होने के कारण फेरों का प्लान बदलना पड़ा। अब औली में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन के साथ सभी मेहमान त्रिजुगीनारायण जाएंगे।
ऐसी मान्यता है कि त्रिजुगीनारायण में ही शिव पार्वती की शादी हुई थी। केदारनाथ फिल्म में भी इस मंदिर को फिल्माया गया है। स्थानीय गांव के सभी लोगों को गुप्ता परिवार ने शादी में आमंत्रित किया है। वहां भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसके अलावा सभी मेहमानों को बदरीनाथ के भी दर्शन कराए जाएंगे।
शादी के लिए गुप्ता बंधुओं ने जोशीमठ से लेकर औली तक सभी दुकानें किराए पर ली हैं। गुप्ता बंधुओं की शादी के लिए औलीके स्कीइंग क्षेत्र को वेडिंग प्वाइंट के तौर पर विकसित किया जा रहा है। शनिवार को शादी के टेंट आदि के लिए यहां सामान पहुंचना शुरू हो गया है।
शनिवार को करीब 15 ट्रकों में यहां सामान पहुंचा। बताया जा रहा है कि एक हेलीकॉप्टर भी सामान ढोने में लगाया गया है, हालांकि आयोजक अभी मीडिया को जानकारी देने से बच रहे हैं। संभावना जताई जा रही है कि 15 जून तक शादी के लिए औली को पूरी तरह तैयार कर दिया जाएगा।