देहरादून शिशु निकेतन की चार बालिकाओं के बृहस्पतिवार को लापता होने से अफरातफरी मच गई। यह बालिकाएं रोजाना की तरह प्राइमरी स्कूल गई थीं, लेकिन छठे पीरियड के बाद कहीं चली गईं। काफी तलाश करने के बाद उनका पता नहीं लगा। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर बालिकाओं की तलाश में एक टीम को हरिद्वार भेजा है।
नेहरू कॉलोनी में नारी निकेतन से सटे शिशु निकेतन की बालिकाएं दीपनगर स्थित प्राइमरी स्कूल में पढ़ने गई थीं। इनमें से चार बालिकाएं (उम्र करीब पांच से दस साल) स्कूल परिसर से गायब हो गईं। छुट्टी के बाद वह नहीं मिलीं तो शिशु निकेतन प्रशासन में हड़कंप मच गया। पूछताछ हुई तो पता चला कि चारों छठे पीरियड के बाद से गायब हैं। पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
शिशु निकेतन की अधीक्षिका सुनीता सिंह की तरफ से बालिकाओं की गुमशुदगी दर्ज कराई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. सदानंद दाते ने बताया कि बालिकाओं को सकुशल बरामद करने के लिए कई टीम गठित की गई। एक टीम को हरिद्वार भेजा गया है। इस बात की भी जांच कराई जाएगी कि बालिकाएं किन परिस्थितियों में गायब हुई है।