गढ़वाल के अलग-अलग हिस्सों में सोमवार को तीन किशोरों और एक युवक की डूबने से मौत हो गई।
उत्तरकाशी के सिरोर गांव निवासी कुशला दत्त भट्ट का बेटा शुभम (18) और भटवाड़ी निवासी मनमोहन सेमवाल का बेटा दीपक (16) एक शादी में शामिल होने सात जून को मातली गांव आए थे। सोमवार दोपहर करीब सवा एक बजे वे अन्य चार बच्चों के साथ मातली गांव के पास गंगा भागीरथी में नहाने गए।
तैरना नहीं आने के कारण चार किशोर तो नदी किनारे ही बैठे रहे, लेकिन दीपक और शुभम पानी में उतर गए। ठहरे हुए गहरे पानी में नहाते समय अचानक दीपक डूबने लगा, तो शुभम ने उसे बचाने का प्रयास किया। पूरी तरह से तैरना नहीं आने के कारण दोनों गहरे पानी में डूब गए।
सूचना मिलते ही आईटीबीपी 12वीं वाहिनी मातली, कोतवाली पुलिस तथा फायर सर्विस के जवान मौके पर पहुंचे। करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव गहरे पानी से निकाले गए। मृतक किशोर रिश्ते के भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी जेआर जोशी, एसडीएम विजयनाथ शुक्ल एवं हरगिरी आदि अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। दीपक ने इसी साल दसवीं तथा शुभम ने बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
क्रिकेट खेलकर गया नदी में नहाने, डूबा
घनसाली (टिहरी) के हिंदाव पट्टी के अंथवाल गांव के एक युवक की चांजी नदी में डूबने से मौत हो गई। रविवार को अंथवाल गांव के युवक क्रिकेट खेलने धमातोली गए हुए थे। शाम तीन बजे क्रिकेट खेलकर घर लौटते वक्त कुछ युवक नहाने के लिए चांजी नदी में चले गए। नहाते वक्त अंथवाल गांव का महेश (20) पुत्र ऋषिराज सेमवाल नदी में डूब गया।
उसके साथियों ने घटना की सूचना गांव ग्रामीणों को दी। दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था। महेश नरेंद्रनगर से पॉलीटेक्निक कर रहा था। इन दिनों घर आया हुआ था।
महेश के पिता ओमान में एक होटल में कार्यरत हैं। घर में एक बड़ा भाई और दो छोटी बहनें हैं। घटना की सूचना मिलते ही अंथवालगांव में कोहराम मच गया। सामाजिक कार्यकर्ता शक्ति लाल शाह ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
पौड़ी में नयार नदी में डूबा किशोर
पौड़ी में ज्वाल्पा के पास एक किशोर की पश्चिमी नयार नदी में डूबने से मौत हो गई। पाटीसैण क्षेत्र के ग्वाड़ तल्ला गांव निवासी अर्जुन सिंह बिष्ट का पुत्र गौरव बिष्ट (14 वर्ष) सोमवार को अपने दोस्तों के साथ ज्वाल्पा मंदिर के दर्शन के लिए आया हुआ था।
ज्वाल्पा मंदिर में दर्शन करने के बाद करीब बारह बजे गौरव और उसके दोस्त कनमोठलिया पुल से नीचे पश्चिमी नयार नदी में नहाने लगे। तभी गौरव नदी में डूब गया।
घटना की सूचना पर वहां पहुंचे पाटीसैण के तैराकों ने गौरव को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नायब तहसीलदार आशीष घिल्डियाल ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।