आईडीबीआई बैंक कर्मचारी संघ के बैनर तले सोमवार से सभी कर्मचारी चार दिन की हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों के आंदोलन को उत्तरांचल बैंक इंप्लाइज यूनियन ने समर्थन दिया है। केंद्र सरकार के बैंक के निजीकरण की मंशा के खिलाफ आंदोलन किया जा रहा है।
देशभर में आईडीबीआई बैंकों की हड़ताल के क्रम में उत्तराखंड में भी देहरादून, रुड़की, हरिद्वार, हल्द्वानी, रुद्रपुर और काशीपुर सहित सभी शाखाओं में सोमवार से हड़ताल शुरू हो गई। पहले दिन बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।
सरकार के खिलाफ गरजे कर्मी
उनका कहना था कि वर्ष 2003 में तत्कालीन वित्तमंत्री जसवंत सिंह ने आश्वासन दिया था कि बैंक में सरकारी पूंजी 51 प्रतिशत से कम नहीं होगी, लेकिन हालिया सरकार के वित्तमंत्री अरुण जेटली ने यह पूंजी कम करने और बैंक के निजीकरण के संकेत दिए हैं।
कर्मचारियों का कहना था कि सरकार को इस बैंक विरोधी मंशा में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। इससे पहले भी बैंक कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर चुके हैं। इस क्रम में मंगलवार को आईडीबीआई के नेहरू कालोनी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदर्शन करने वालों में जगमोहन मेंदीरत्ता, सोहन सिंह रजवाड, रवि शेखर, सीमा शर्मा, भावना शर्मा, विनीत गिरी, विकास शर्मा, राजेश सिंघल, सीके जोशी, सुमित रंजन, अनूप सैनी, मृत्युंजय सिंह, सचिन गुप्ता, एलएम बडोनी आदि मौजूद रहे।