पिकअप चोरी के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की पिकअप बरामद हुई है। पुलिस ने सभी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
बृहस्पतिवार को एसएसपी कार्यालय में प्रेसवार्ता कर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि विशाल कुकरेती निवासी अमित ग्राम गुमानीवाला ऋषिकेश ने पिकअप चोरी का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि छह नवंबर की रात में घर के बाहर खड़ी उनकी पिकअप किसी ने चोरी कर ली। पुलिस ने टीम गठित कर जांच शुरू की। करीब 65 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। यहां से प्राप्त जानकारियों के आधार पर पुलिस शामली, उत्तर प्रदेश पहुंची।
बुधवार देर शाम चार आरोपियों को यहां कैराना रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी पहचान फाजिल सैफी और मोहम्मद उमर निवासी मोहल्ला सेका मैदानी कस्बा थाना झिंझाना शामली, इंतजार निवासी मोहल्ला जामा मस्जिद बदरा तितावी मुजफ्फरनगर, मोहम्मद इमरान अंसारी उर्फ उस्मान निवासी मोहल्ला डेरी कस्बा थाना झिंझाना शामली के रूप में हुई।
मालिक की कार लेकर आए थे ऋषिकेश
पूछताछ में फाजिल ने बताया कि वह टैक्सी चलाता है। अपने साथी मोहम्मद उमर और इमरान के साथ मिलकर जल्दी पैसा कमाने के लालच में वाहन चोरी की योजना बनाई थी। फाजिल अपने टैक्सी मालिक के पास गया और कहा कि वे अपने दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने जा रहा है। एक दिन के लिए कार चाहिए। मालिक का कार लेकर सभी ऋषिकेश आए और पिकअप चोरी कर अगले दिन शामली चले गए। यहां चोरी की पिकअप छिपा दी। पुलिस घटना में इस्तेमाल कार की तलाश कर रही है।