फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand: मर्तोलिया के कंधे पर अब भर्तियों की जिम्मेदारी, कहा- आयोग पर खोया हुआ युवाओं का भरोसा लौटाऊंगा

Thu, 13 Oct 2022 04:35 PM IST
रेनू सकलानी आफताब अजमत, अमर उजाला, देहरादून

सार

सरकार ने पूर्व आईपीएस अधिकारी गणेश सिंह मर्तोलिया को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की कमान सौंप दी है। आयोग के अध्यक्ष पद से पूर्व आईएएस एस राजू की विदाई के बाद सदस्य प्रकाश थपलियाल बतौर कार्यवाहक जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
विज्ञापन
जीएस मर्तोलिया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पुलिस सेवा से रिटायरमेंट के बाद प्रदेश के युवाओं को पुलिस-सेना भर्ती की निशुल्क ट्रेनिंग देने वाले पूर्व आईपीएस जीएस मर्तोलिया के कंधों पर अब नौकरी देने की जिम्मेदारी आ गई है। अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि सबसे पहले आयोग पर खोया हुआ युवाओं का भरोसा लौटाने का प्रयास करेंगे। 

विज्ञापन


दरअसल, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की 2016 में हुई वीपीडीओ भर्ती हो या हाल में हुई स्नातक स्तरीय भर्ती, वन दरोगा, सचिवालय रक्षक सेवा भर्ती पेपर लीक होने के बाद आयोग के प्रति युवाओं का भरोसा खत्म हो गया। आयोग के पूर्व अध्यक्ष एस राजू के इस्तीफे के बाद सचिव संतोष बडोनी को सरकार ने सस्पेंड किया हुआ है। सरकार ने समूह-ग की भर्तियों की जिम्मेदारी आयोग से लेते हुए राज्य लोक सेवा आयोग को दी हुई है। ऐसे हालात में कुर्सी संभालने वाले पूर्व आईपीएस जीएस मर्तोलिया पूरे प्रकरण पर काफी गंभीर हैं। 

अमर उजाला से बातचीत में उन्होंने कहा कि चुनौतियां बहुत हैं। आयोग को व्यवस्थित करना होगा। युवाओं का जो विश्वास खोया है, उसे लौटाने की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने बताया कि अभी तक वह प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर जाकर युवाओं को सेना और पुलिस में भर्ती की निशुल्क ट्रेनिंग देते रहे हैं। उनके प्रशिक्षण के बाद कई युवा सेना में भर्ती भी हो चुके हैं। अब उन्हें युवाओं को पूर्ण पारदर्शिता के साथ भर्ती करने की जिम्मेदारी मिली है। वहीं, युवाओं को नशे से बचाने के लिए खेलों में भी आईपीएस मर्तोलिया ने काफी काम किया है। वर्तमान में वह उत्तराखंड एससी-एसटी आयोग में बतौर उपाध्यक्ष सेवाएं दे रहे हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

कौन हैं पूर्व आईपीएस जीएस मर्तोलिया
गणेश सिंह मर्तोलिया वर्ष 1984 में पुलिस उपाधीक्षक के पद पर चयनित हुए थे। पुलिस उपाधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, वाराणसी, पीलीभीत, एटा, गजियाबाद और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, देहरादून व हरिद्वार समेत कई जिलों में उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं।

वर्ष 2005 में भारतीय पुलिस सेवा में पदोन्नत (प्रमोशन) कर पुलिस अधीक्षक, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, कमांडेंट 46वीं वाहिनी पीएसी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, देहरादून के पद पर नियुक्त रहे। वर्ष 2012 में पुलिस उप महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत होकर पिथौरागढ़ रेंज, आपदा प्रबंधन कुमाऊं रेंज, सीआईडी, कुमाऊं परिक्षेत्र में नियुक्त रहे।

ये भी पढ़ें...UP Police Firing In Uttarakhand: महिला की मौत से बढ़ा बवाल, डीआईजी के बयान के बाद बढ़ी यूपी पुलिस की मुश्किल

वर्ष 2016 से पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नत होकर पुलिस महानिरीक्षक, कुंभ मेला, पुलिस मॉर्डनाइजेशन और पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय/कार्मिक एवं फायर सर्विस में सेवाएं देते हुए 31 अगस्त 2019 को रिटायर्ड हो गए थे। मर्तोलिया को वर्ष 1999 में दीर्घ व सराहनीय सेवा के लिए सराहनीय सेवा पुलिस पदक के अलावा वर्ष 2010 में उत्कृष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक से सम्मानित किया गया था।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें