ऋषिकेश में विदेशी महिला पर 'संदिग्ध' नशा इस कदर चढ़ा कि उसने पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों के छक्के छुड़ा दिए। नशे में धुत महिला ने सड़क और सरकारी अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। दोपहर बाद महिला की स्थिति सामान्य होने पर उसे काबू करने में जुटे लोगों ने राहत की सांस ली।
तपोवन चौक पर लगा मजमा
शनिवार सुबह तपोवन चौक पर उस वक्त मजमा लग गया, जब विदेशी महिला अजीबोगरीब हरकत करने लगी। पुलिस ने भीड़ को हटाकर शांत कराने का प्रयास किया तो उसने हंगामा खड़ा कर दिया। हाथापाई पर उतारू हो गई। पुलिस ने किसी तरह से उसे काबू में कर 108 सेवा से राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया।
अस्पताल में हो-हल्ला
विदेशी महिला ने अस्पताल में भी जमकर बवाल काटा। यहां उसे काबू करने में पुलिस और स्वास्थ्य कर्मियों के पसीने छूट गए। विदेशी महिला के हंगामा काटने से इमरजेंसी में अन्य रोगियों का उपचार भी प्रभावित हो गया। बमुश्किल उसे ट्रामा सेंटर के वार्ड में ले गए और नशा कम करने का इंजेक्शन लगाया।
दोपहर बाद उसकी हालत सामान्य हो सकी। पुलिस ने विदेशी महिला की पहचान सेलिना (30) पुत्री मारमू निवासी तुर्की के रूप में कराई। बताया कि नशे की ओवरडोज लेने से उसकी ऐसी हालत हुई। स्थानीय अभिसूचना इकाई ने बताया कि विदेशी महिला तपोवन स्थित एक लॉज में ठहरी है।