त्योहारों के दौरान मिलावट की आशंका के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंगलवार को छावनी बाजार क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया। टीम ने दुकानों, डेयरी और किरानों की दुकानों से सैंपल भरे। निरीक्षण के दौरान एक दुकान में एक्सपायरी डेट का सामान मिला। जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मंजू कुमारी ने संबंधित दुकानदार को फटकार लगाई। एक्सपायरी डेट के मसालों, चटनी और सरसों के तेल को मौके पर नष्ट कराया गया। उन्होंने भविष्य में एक्सपायरी डेट का सामान बेचने पर दुकानदार को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने क्षेत्र में ढाबे और होटल चलाने वाले लोगों से स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। कहा घटिया गुणवत्ता का सामान पाए जाने पर दुकान को सील तक किया जा सकता है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डेयरी, रेस्टोरेंट, किराना और मिठाई दुकान से खाद्य पदार्थों के चार सैंपल भरे गए हैं। जिन्हें जांच के लिए रुद्रपुर स्थित लैब में भेजा जाएगा। कहा कि त्योहार के मद्देनजर अभियान लगातार जारी रहेगा। जल्द ही अन्य जगहों पर भी छापेमारी अभियान चला खाद्य पदार्थों का निरीक्षण किया जाएगा।