केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में बर्फबारी हुई है। केदारनाथ धाम में करीब पांच इंच नई बर्फ जम चुकी है। धाम में बुधवार देर रात्रि को करीब आधा घंटे बारिश के बाद बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो बृहस्पतिवार तड़के तक जारी रही। खराब मौसम के कारण यहां मोबाइल नेटवर्क भी ठप पड़ा हुआ है।
उधर, चमोली जिले में बदरीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, नंदा घुंघटी आदि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार रात को जमकर हिमपात हुआ, जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश हुई। बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जिसे देखते हुए नगर पंचायत की ओर से अलाव की व्यवस्था की गई है।