राजधानी में प्रस्तावित चार फ्लाईओवरों का निर्माण शुरू होने में फिलहाल कुछ वक्त और लगेगा। वजह इसके लिए केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्रालय से अभी तक अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं मिल पाया है। एनओसी के लिए छह माह पहले प्रस्ताव भेजा गया था।
सीएम ने किया था शिलान्यास
मार्च 2013 के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने चार फ्लाईओवर और एक रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया था। लगभग साढ़े आठ माह बाद भी प्रदेश सरकार फ्लाईओवर के लिए केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्रालय से एनओसी नहीं ले पाई है। हालांकि मंत्रालय से जुड़े अधिकारी यहां मौका मुआयना भी कर चुके हैं। लेकिन उनकी ओर से अभी लिखित में कुछ भी नहीं भेजा गया है।
आपत्ति पर विगड़ेगी बात
ऐसे में अगर मंत्रालय की ओर से किसी प्रकार की आपत्ति की जाती है तो बात बिगड़ सकती है। इसको देखते हुए भी आईएसबीटी, जोगीवाला, बल्लीवाला, बल्लूपुर चौक पर प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण कार्य में देरी की जा रही है। इस बीच भंडारी बाग रेलवे ओवर ब्रिज का डिजाइन बदलकर इसे अंडर ब्रिज कर दिया गया था। लेकिन इसकी भी औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई हैं। इससे सीधे तौर पर लोक निर्माण विभाग से लेकर शासन तक की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।