पत्रकारवार्ता करते महंत कृष्णागिरि महाराज।
- फोटो : अमर उजाला
श्री टपकेश्वर महादेव की 21वीं शोभा यात्रा नौ अगस्त को शहरभर में निकाली जाएगी। इस दौरान हेलीकॉप्टर के माध्यम से शोभा यात्रा पर फूलों की बारिश की जाएगी। जिसे लेकर श्री टपकेश्वर महादेव सेवा दल ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।कोरोना के चलते पिछले दो साल से श्री टपकेश्वर महादेव की शोभा यात्रा नहीं निकाली जा सकी थी। लेकिन, इस बार कोरोना हल्का पड़ा है तो शिव भक्तों में भी नया जोश भर गया है।
पलटन बाजार स्थित जंगम शिवालय में प्राचीन टपकेश्वर महादेव मंदिर के महंत व सेवादल के संरक्षक कृष्णा गिरी महाराज ने बताया कि श्री टपकेश्वर महादेव की शोभा यात्रा को भव्य बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 10 साल बाद हेलीकॉप्टर से तीन जगह सहारनपुर चौक, घंटाघर और गढ़ी चौक पर शोभा यात्रा के ऊपर पुष्प वर्षा होगी। इससे पहले साल 2011 में शोभा यात्रा पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई थी।
शोभा यात्रा की खास बात यह है कि इस बार भगवान शिव के 11 रुद्र रूप की झांकियां भी निकाली जाएंगी। जबकि बांके बिहारी वृंदावन, भगवान टपकेश्वर के शिवलिंग की झांकी के अतिरिक्त भगवान टपकेश्वर के तीन डोले श्री दूधेश्वर, श्री पतेश्वर व श्री देवेश्वर मुख्य आकर्षक का केंद्र होंगे।