देहरादून से लखनऊ जाने के लिए अब ट्रेन में 12 से 14 घंटे का सफर करने की जरूरत नहीं है। 12 फरवरी से इंडिगो एयरलाइंस जौलीग्रांट एयरपोर्ट से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट के लिए सीधी फ्लाइट सेवा शुरू करने जा रही है। फ्लाइट का टिकट 1812 रुपये रखा गया है। एयरलाइंस के ट्विटर पर सूचना प्रसारित करते ही लोगों ने टिकट की बुकिंग शुरू कर दी है।
अभी तक लखनऊ जाने के लिए ट्रेन या बस का ही विकल्प उपलब्ध था। हवाई सफर के लिए दिल्ली से कनेक्टिंग फ्लाइट ही एक मात्र विकल्प थी। लंबे समय से देहरादून से लखनऊ के लिए सीधी फ्लाइट की जरूरत महसूस की जा रही थी। इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट एक घंटा 10 मिनट में देहरादून से लखनऊ पहुंच जाएगी।
इसका शुरुआती किराया 1812 रुपये है। ट्रेन में यदि सेकेंड एसी का तत्काल टिकट लिया जाता है तो वह भी लगभग इतने ही मूल्य का पड़ता है। जौलीग्रांट से दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर चलकर यह फ्लाइट दोपहर तीन बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में लखनऊ से इंडिगो की फ्लाइट सवा 12 बजे चलकर दोपहर एक बजकर 20 मिनट पर देहरादून पहुंचेगी। वापसी का किराया 2217 रुपये रखा गया है।
जानकारी के मुताबिक यात्रियों को सूचना मिलने के साथ ही तेजी से सीटें बुक होना भी शुरू हो गई हैं। इस बाबत इंडिगो से ट्विटर के जरिए जानकारी मांगी गई तो उन्होंने 12 फरवरी से फ्लाइट शुरू होने की अधिकृत सूचना दी है।
कुछ यूं समझें किराये का अंतर
ट्रेन का किराया
तत्काल
सेकेंड एसी - 1635
थर्ड एसी- 1165
नार्मल
सेकेंड एसी- 1215
थर्ड एसी- 850
वॉल्वो बस - 1654