देहरादून। मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की परिवहन अधिकारियों ने दूसरे दिन भी जमकर खबर ली। एआरटीओ प्रवर्तन की अगुवाई में चलाए गए अभियान के दौरान पांच गाड़ियां सीज की गईं। साथ ही 81 गाड़ियों का चालान कर दिया गया। इसके अलावा वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने, बिना सीट बेल्ट वाले 47 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस तीन माह के लिए निलंबित कर दिए गए।
अभियान के दौरान सरपट गाड़ी दौड़ाने, ओवर लोडिंग, बिना कागजात के गाड़ी चलाने वाली की भी जमकर खबर ली गई। हालांकि जांच अभियान के दौरान पकड़े गए कुछ युवाओें ने आला अधिकारियों के साथ संबंध का हवाला देकर जांच अधिकारियोें को छोड़ने का दबाव बनाया, लेकिन जांच अधिकारियों ने उनके हर दबावों का दरकिनार करते हुए चालान कर दिया। एआरटीओ प्रवर्तन अरविंद पांडे ने बताया कि पिछले दो दिन से चलाए गए अभियान के दौरान 112 गाड़ियों का चालान करने के साथ ही 92 वाहन स्वामियों के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त कर दिया गया है।