राजधानी देहरादून के जिला कारागार में कैदियों को फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं महैया कराई जाती है। यह कहना है वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति का।
देहरादून जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति यह कहने से खुद को नहीं रोक पाए कि यहां तो फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाएं हैं।
हालांकि, इस दौरान उन्होंने क्षमता से अधिक बंदियों को स्थानांतरित कराकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने पर सहमति जताई।
जनपद न्यायाधीश राम सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजीव कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पुष्पक ज्योति और अपर जिलाधिकारी प्रशासन झरना कामठान ने शुक्रवार को सुद्दोवाला कारागार का संयुक्त निरीक्षण किया।
कार्यक्रम पहले से निर्धारित होने के कारण जेल प्रशासन ने तैयारियां की थीं। बैरकों का अवलोकन करने के साथ भोजनालय में बंदियों को दिए जाने वाले खाने की गुणवत्ता की भी जांच की। जेल की सफाई और हरियाली की न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों ने तारीफ की।
एसएसपी पुष्पक ज्योति तो बोल गए, यहां तो बंदियों को फाइव स्टार होटल की सुविधाएं है। उन्होंने बताया कि वो तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। क्योंकि ऐसी सुविधाएं फाइव स्टार होटलों में होती हैं। एसएसपी ने बताया कि क्षमता से अधिक बंदियों का होना एक बड़ी समस्या है। इस बाबत शासन से पत्राचार कर बंदियों की संख्या कम करने का प्रयास किया जाएगा।