डग्गामार वातानुकूलित वॉल्वो बसों के साथ ही निजी वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग और परिवहन निगम के अफसरों ने मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाया।
आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी की अगुवाई में दर्जन भर से अधिक अधिकारियों ने हर्रावाला, जोगीवाला, कारगी चौक, आईएसबीटी और आशारोड़ी में चेकिंग की। इस दौरान पांच डग्गामार वातानुकूलित निजी वॉल्वो और 23 वाहनों का चालान किया गया।
आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने बताया कि आईएसबीटी के अलावा राजधानी के विभिन्न इलाकों में वातानुकूलित वॉल्वो बसों के डग्गामारी की शिकायतें आ रही थीं।
इसी क्रम में मंगलवार को संयुक्त टीम गठित कर हर्रावाला, जोगीवाला, कारगी चौक, आईएसबीटी और आशारोड़ी में जांच की गई। जांच के दौरान पांच वॉल्वो बसें पकड़ी गईं जो परमिट शर्तों के विपरीत संचालित की जा रही थीं। सभी बसों को सीज कर दिया गया है। इसके अलावा 23 अन्य निजी वाहनों का भी चालान किया गया।
बसों में ठूंसकर बैठाए गए थे यात्री
जांच में एक ऐसी वॉल्वो बस को पकड़ा गया जिसमें 42 यात्रियों की जगह 101 यात्रियों को बिठाया गया था। आरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी ने बताया कि जिस बस को पकड़ा गया वह यूपी के लखीमपुर खीरी और बेतिया जा रही थी। बस चालक और परिचालक इतनी अधिक संख्या में सवारियों को बैठाए जाने के बाबत कोई जवाब नहीं दे पाए। फिलहाल बसें सीज कर दी गई हैं।
रोडवेज बसों से भेजे गए यात्री
आरटीओ (प्रवर्तन) संदीप सैनी ने बताया कि जिन निजी वॉल्वो बसों को सीज किया गया उनके यात्रियों को परिवहन निगम की बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। संयुक्त जांच टीम में आरटीओ प्रवर्तन संदीप सैनी के अलावा एआरटीओ रश्मि पंत, कर अधिकारी एमडी पपनै, कपिल सिंह, दीपक नौटियाल, प्रकाश चंद, परिवहन निगम के सहायक महाप्रबंधक आरएल पैन्यूली समेत कई अधिकारी शामिल रहे।