विधानसभा में विधायक महेश जीना के सवाल के लिखित जवाब में विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2017 से अब तक 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया गया।
प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से पांच नए मिनी स्टेडियम और आठ खेल मैदानों का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में निर्माणाधीन खेल परिसंपत्तियों को भी जल्द पूरा करने की तैयारी है।
विज्ञापन
विधानसभा में विधायक महेश जीना के सवाल के लिखित जवाब में विभागीय मंत्री रेखा आर्या ने कहा, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2017 से अब तक 48 मिनी स्टेडियमों का निर्माण किया गया। जबकि 11 मिनी स्टेडियम निर्माणाधीन हैं। वहीं, पांच मिनी स्टेडियम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 51 खेल मैदानों का निर्माण किया गया है। तीन खेल मैदान निर्माणाधीन हैं, और आठ खेल मैदान प्रस्तावित हैं।
टिहरी, चमोली और बागेश्वर में बनेंगे मिनी स्टेडियम
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत टिहरी गढ़वाल के घरगांव-डांडा और विधानसभा क्षेत्र घनसाली के नैलचामी क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। चमोली में विकासखंड नंदानगर के लाखी में और बागेश्वर जिले के कर्मी सौंग एवं देवतोली में मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।
प्रदेश में यहां बनेंगे खेल मैदान
युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत चमोली जिले के नंदानगर ब्लॉक के पंगना, देहरादून के बनियावाला, अल्मोड़ा के रानीखेत एनसीसी ग्राउंड में, नैनीताल के लेटीबुंगा शशबनी में, पिथौरागढ़ के धारचूला ब्लॉक के तीजम, अल्मोड़ा के चौखुटिया, चंपावत जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में खेल मैदान का निर्माण किया जाएगा।