देहरादून। कुछ लोगों ने विवादित जमीन बेचकर एक महिला से पांच लाख रुपये ठग लिए। जमीन पर न्यायालय द्वारा स्टे दिए जाने की बात महिला से छिपाई गई थी। एसआईटी की जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रकरण में शिकायत अनीता बिष्ट निवासी डांडा धर्मपुर ने की थी। महिला ने रायपुर क्षेत्र में अमृता शर्मा नाम की महिला से पांच लाख रुपये में जमीन खरीदी थी। इस जमीन में एक और मालिक था। उसने भी अमृता के साथ मिलकर रजिस्ट्री की थी। उस वक्त बताया गया था कि जमीन पर कोई विवाद नहीं है। लेकिन, कुछ दिन बाद ही कुछ और लोग इस जमीन पर दावा करने लगे। एसआईटी ने जांच की तो पता चला कि महिला के साथ वास्तव में धोखाधड़ी हुई है।
एसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि एसआईटी की संस्तुति के बाद अमृता शर्मा निवासी कांवेंट रोड, परविंदर सिंह निवासी शिवलोक कॉलोनी रायपुर, मनोज डियोंडी निवासी लोअर नेहरू ग्राम, अनूप चौहान निवासी नेहरू ग्राम और अरुण शर्मा निवासी अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। आशंका है कि उन्होंने इस जमीन को किसी और को बेचकर भी ठगी की है।