प्रदेश में पहली स्वाइन फ्लू लैब की शुरूआत पर फैसला केंद्र सरकार लेगी। राज्य सरकार ने नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय को पत्र भेजकर शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया है। लैब शुरू होने के बाद स्वाइन फ्लू समेत तमाम गंभीर बीमारियों की जांच प्रदेश में ही हो सकेगी।
बीते वर्ष 19 अक्टूबर को स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज में स्वाइन फ्लू टेस्टिंग लैब का उद्घाटन किया था।
सरकार ने एनसीडीसी को भेजा पत्र
संस्थान ने स्वास्थ्य महानिदेशालय को पत्र भेजकर लैब में टेस्टिंग को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध किया। करीब चार माह बाद सरकार ने एनसीडीसी को इस आशय का पत्र भेजा है। अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी भूपेंद्र रतूड़ी ने बताया कि सैंपल जांच के लिए लैब में सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एनसीडीसी के स्तर से मंजूरी मिलते ही सभी तरह के सैंपल की जांच शुरू कर दी जाएगी।
लैब में सैंपल जांच ना होने के चलते फिलहाल प्रदेश से जुड़े मामलों की जांच के लिए अन्य राज्यों को भेजे जाते हैं। इस पूरी प्रक्रिया में समय अधिक लगता है। जिसके कारण कई बार मरीज की जान पर खतरा भी बढ़ जाता है। प्रदेश में जांच होने से रिपोर्ट तेजी से मिल सकेगी। उत्तराखंड के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हिमाचल को भी लैब का लाभ मिलेगा।