थाना पटेलनगर क्षेत्र के कारगी चौक और एक भूसा स्टोर के बीच कुछ बदमाशों ने कुछ लोगों की दो बार जमकर पिटाई की और उनकी गाड़ी भी तोड़ डाली। आरोप है कि हमलावर आपराधिक किस्म के हैं। उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में आपराधिक मामले दर्ज हैं।
मामले में देहराखास निवासी मुस्तफा ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया है कि 15 जनवरी को उनके साथी शहजाद, अब्दुल्ला, दिलशाद और सलमान कारगी चौक से देहराखास जा रहे थे। आढ़त बाजार के पास एक काले रंग की एसयूवी ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार जावेद, जाबिर, परवेज, आसिफ बावा और विष्णु ने सभी युवकों की पिटाई कर दी। पीड़ितों का आरोप है कि जब वे अस्पताल में मेडिकल और प्राथमिक उपचार कराने के बाद थाने जा रहे थे, तभी एक भूसा स्टोर के पास तीन गाड़ियों से आए बदमाशों ने उनकी कार को रोक लिया।
आरोपियों ने दोबारा उनकी पिटाई की। उनके मेडिकल के दस्तावेज फाड़ दिए और कार में तोड़फोड़ की। थानाध्यक्ष चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। रूट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।