क्लेमेंटटाउन थानाक्षेत्र में एक महिला को एनपीसीआई का अधिकारी बनकर एक ठग ने 90 हजार रुपये की चपत लगा दी। पीड़िता भारुवाला निवासी शबाना (37) हैं। उनकी शिकायत पर क्लेमेंटटाउन पुलिस ने रविवार को प्राथमिकी दर्ज कर ली।
महिला ने बीती 27 नवंबर को गलत क्यूआर कोड पर 6200 ट्रांसफर कर दिए थे। फिर रिफंड पाने के लिए गूगल पर एनपीसीआई की वेबसाइट सर्च की थी, उसी नाम से मिलती जुलती वेबसाइट पर गगन शर्मा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला। कॉल करने पर गगन ने खुद को एनपीसीआई का अधिकारी बताया। व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल करने और स्क्रीन शेयर करने के लिए कहा। साथ ही अकाउंट डिटेल मांगी। ठग ने महिला को भरोसा दिलाया कि उनके मोबाइल का संचालन अपने हाथ में लेकर रिफंड दिला देगा। इसके बाद उसने कहा कि वह फोन-पे एप पर जाएं।
अकाउंट टू सेल्फ में अपने मोबाइल नंबर के शुरुआती पांच अंक दर्ज करके पिन नंबर डालने को कहा। पीड़िता को लगा कि यह राशि उसके खाते में वापस ट्रांसफर करने के लिए पिन अंकित करवाया जा रहा है। पिन डालते ही ठग ने 90 हजार 277 की राशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। थानाध्यक्ष मोहन सिंह ने कहा कि साइबर क्राइम टीम शिकायत पर जांच कर रही है।