चार नवंबर से उत्तराखंड में पहला हैकाथन उद्भव शुरू होगा। आईआईएम काशीपुर में सीएम पुष्कर धामी शंखनाद करेंगे। इसमें आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी समेत 25 संस्थानों के छात्र शामिल होंगे।
आईटी विभाग की ओर से प्रदेश का पहला हैकाथन उद्भव रजत जयंती कार्यक्रमों के अंतर्गत चार नवंबर से प्रदेश में शुरू होगा। इसमें आईआईटी, आईआईएम, एनआईटी समेत 25 इंजीनियरिंग कॉलेजों, विवि के छात्र अकादमिक और स्टार्टअप की प्रतियोगिताओं का हिस्सा बनेंगे। शीर्ष-पांच टीमों को सरकार सहयोग देगी।
राज्य स्थापना पर नौ थीम पर उद्भव की शुरुआत होने जा रही है। चार नवंबर को आईआईएम काशीपुर में इनमें से पहली एग्रीकल्चर थीम की घोषणा सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे। दो श्रेणियों में उद्भव का आयोजन हो रहा है। पहली श्रेणी अकादमिक है, जिसमें शिक्षण संस्थानों के छात्र अपनी अकादमिक वैचारिक प्रस्ताव लेकर आएंगे। सभी शिक्षण संस्थानों में इसका आयोजन होगा।
दूसरी श्रेणी स्टार्टअप की है। खासतौर से उन संस्थानों (आईआईटी रुड़की, एनआईटी श्रीनगर, आईआईएम काशीपुर, ग्राफिक एरा देहरादून आदि) के छात्र इसमें शामिल होंगे, जहां स्टार्टअप इंक्यूबेशन सेंटर चल रहे हैं। इन संस्थानों में इसी दौरान प्रतियोगिता चलेगी।