उत्तराखंड में ऐसा महिला बैंक शुरु होने जा रहा है, जहां मैनेजर से लेकर चपरासी तक महिलाएं होंगी। प्रदेश की पहली महिला बैंक शाखा 30 अगस्त से शुरू होगी। सहकारी बैंक की ओर से देहरादून के बंजारावाला में खोली जाने वाली इस शाखा का उद्घाटन मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे। बैंक की योजना प्रदेश के हर बड़े शहर और जिला मुख्यालय में इसी प्रकार महिला ब्रांच खोलने की है।
प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने महिलाओं को विशेष बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बैंक की महिला शाखा खोलने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा के मुताबिक सहकारी बैंक ने महिला ब्रांच खोलने की तैयारी पूरी कर ली है। बैंक की पहली महिला शाखा का शुभारंभ देहरादून में होगा।
राज्य सहकारी बैंक के एमडी दीपक कुमार ने बताया कि महिला शाखा में ब्रांच मैनेजर से लेकर सभी कर्मचारी महिलाएं होंगी। इस ब्रांच का उद्देश्य यह है कि महिलाएं बेहिचक बैंक में जाएं और बैंकिंग की सुविधाओं का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि बैंक की महिला शाखा पूरी तरह के कंप्यूटराइज्ड होगी और यहां कोर बैंकिंग की सुविधा उपलब्ध होगी। भविष्य में यहां एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। बताया कि हमारी कोशिश यह है कि बैंक को जो अगली शाखा खुले वह महिला शाखा हो। देहरादून के बाद अन्य शहरों में भी बैंक महिला ब्रांच खोलेगा।