गोपेश्वर। घुड़साल गांव की मां इंद्रामति की डोली बदरीनाथ में दो दिन के प्रवास के बाद जोशीमठ पहुंची। मां इंद्रामति को दक्षिण काली के रुप में भी पूजा जाता है। बृहस्पतिवार को सुबह बदरीनाथ मंदिर परिसर में मां इंद्रामति ने अपने पश्वा पर अवतरित होकर यहां मौजूद भक्तों को आशीर्वाद दिया। बदरीनाथ के रावल (मुख्य पुजारी) ईश्वरी प्रसाद नंबूदरी ने मां इंद्रामति को बदरीनाथ का प्रसाद भेंट किया।
मां इंद्रामति की डोली वर्ष 2012 में केदारनाथ की तीर्थयात्रा पर गई थी। इस वर्ष विगत 20 जुलाई को मां इंद्रामति घुड़साल गांव से बदरीनाथ धाम की तीथयात्रा के लिए निकली थी। तब से विभिन्न गांवों और देवालयों का भ्रमण करने के बाद 21 अगस्त को देर शाम मां की डोली बदरीनाथ धाम पहुंची। बृहस्पतिवार को बदरीनाथ के धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह और अन्य वेदपाठी व तीर्थ पुरोहितों ने मां इंद्रामति की डोली को बदरीनाथ से विदा किया। इस दौरान बदरीनाथ धाम मां इंद्रामति के जयकारों से गूंज उठा।
बदरीनाथ में आचार्य पंडित बदरी प्रसाद मैठाणी, रमेश मैठाणाी, विजय मैठाणी और त्रिलोक चंद्र मैठाणी ने गणेश पूजा के साथ ही मां इंद्रामति की पूजा और श्रृंगार किया। वहीं, टेड़ा-खंसाल गांव की मां इंद्रामति ने गोपेश्वर गांव होते हुए मुख्य बाजार में भ्रमण कर भक्तों को आशीर्वाद दिया। मां इंद्रामति केदारनाथ के दर्शन कर गोपेश्वर पहुंची है।