फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगर में कालूसिद्ध गेट पर खनन कारोबारी पर फायरिंग, कार से कुचलने का भी किया प्रयास

Sat, 21 Dec 2019 10:12 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रामनगर (नैनीताल)

सार

  • रॉयल्टी में अवैध वसूली का विरोध करने पर वारदात
  • पीड़ित के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया
विज्ञापन
- फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोसी के कालूसिद्ध खनन गेट में अवैध वसूली का विरोध करने पर कांटा कर्मचारी और उसके साथियों ने खनन कारोबारी पर फायर झोंक दिया। फायरिंग में बचने पर आरोपियों ने खनन कारोबारी को कार से कुचलने का प्रयास भी किया। हमले में घायल खनन कारोबारी के दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। हायर सेंटर रेफर करने के बाद कारोबारी का रामनगर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


शुक्रवार पूर्वाह्न सवा 11 बजे खनन कारोबारी शमशेर अली पुत्र मो. शरीफ निवासी आदर्शनगर शंकरपुर भूल ने उपखनिज से लदे डंपर की कालूसिद्ध गेट स्थित कांटे में रॉयल्टी बनाई। आरोप है कि कांटे पर मौजूद कर्मचारी राजीव ने रॉयल्टी फीस के अलावा सौ रुपये अतिरिक्त मांगे। अवैध वसूली का विरोध करने पर राजीव ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर खनन कारोबारी शमशेर अली के साथ मारपीट कर दी।

इस बीच, एक आरोपी ने शमशेर पर फायर झोंक दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपियों ने शमशेर को कार से कुचलने का प्रयास किया। कार की चपेट में आने से कारोबारी के दोनों पैर भी आ गए। घायल कारोबारी शमशेर को पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। रामनगर के एक निजी अस्पताल में में शमशेर का इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने बताया कि पीड़ित के दोनों पैर फ्रैक्चर हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

पीछा करने पर कार छोड़कर भागे

खनन कारोबारी से मारपीट की सूचना पर अन्य खनन कारोबारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी दो कारों से फरार हो गए। पीरूमदारा तक पीछा करने पर आरोपी एक कार को छोड़कर फरार हो गए। इस दौरान गुस्साए लोगों ने कार में भी तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस कार को पीरूमदारा चौकी लेकर पहुंची। 

एक नामजद समेत अज्ञात पर मुकदमा
कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि खनन कारोबारी के भाई एहसान की तहरीर पर पुलिस ने कांटा कर्मचारी राजीव और सात-आठ अज्ञात पर धारा 307, 392 व 504 में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

कार मालिक का पता लगाने में जुटी पुलिस
आरोपियों की कार के मालिक का पता लगाने में पुलिस जुट गई है। हमले के बाद आरोपी एक कार को पीरूमदारा में छोड़कर भाग गए थे। अब पुलिस उक्त कार मालिक पर शिकंजा कसने की तैयारी में भी है। परिवहन विभाग की मदद से पुलिस कार मालिक का पता कर कार्रवाई करेगी।

कांटा कर्मचारियों और खनन कारोबारियों के बीच मारपीट हुई थी। मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है। डीएलएम और वन विभाग को खनन गेटों पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
- हर गिरि, एसडीएम रामनगर
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें