रात 12.30 बजे दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर रुड़की से करीब नौ किमी आगे कोर कॉलेज के पास पानी पीने के लिए रुके। संदीप ने बताया कि उनका एक साथी कर्मवीर रोस्टोरेंट समझकर प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में पानी की बोतल लेने गया।
यहां किसी बात पर उसकी एक युवक के साथ कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने उसके साथ मारपीट कर दी और अपने साथियों को भी बुला लिया। कुछ देर बाद एक फॉर्च्यूनर पहुंची और उसमें सवार युवक ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
जान बचाने के लिए इनोवा सवार सभी तीर्थयात्री खेतों की ओर भाग गए और पुलिस को 100 नंबर पर सूचना दी। इसी दौरान आरोपियों ने एक यात्री को बंधक बना लिया और मारपीट करने के बाद खेत में फेंक दिया।
तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करने के बाद दोनों आरोपियों को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में पुलिस को आरोपियों के कब्जे से बंदूक और कारतूस मिले। वहीं, बंधक बनाकर खेत में डाले गए युवक का रातभर कुछ पता नहीं चल पाया। हालांकि, सुबह वह किसी तरह कोतवाली पहुंचा।
मुजफ्फरनगर निवासी अवधेश कुमार और रुड़की निवासी अभिषेक के खिलाफ गोली चलाने, जानलेवा हमला करने समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। इसमें मुजफ्फरनगर निवासी आरोपी ब्लॉक प्रमुख का प्राइवेट गनर है।
-अमरजीत सिंह, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी