दहशत में आई पीड़ित निधि बजाज और टीवी सीरियल कलाकार आरुषि जखमोला काफी देर बाद जाकर नार्मल हो पाई। निधि ने बताया कि बदमाश चेन के अलावा अंगूठी आदि भी लूटने के फिराक में थे। डर की वजह से चीख निकलने के कारण लुटेरों के पैर उखड़ गए। गले से चेन तोड़ने के साथ लुटेरे फायर कर फरार हो गए। बताया कि गोली कान के पास से होकर गई है। इस कारण एक कान सूज गया है। आरुषि तो कमरे से बाहर ही नहीं आई।
बिना नंबर की स्कूटी पर थे बदमाश
रविवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की स्कूटी पर कोई नंबर नहीं था। प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत और सीसीटीवी फुटेज से यह बात सामने आई है। स्कूटी सवार दोनों बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे। बसंत विहार के पुष्पांजलि एंकलेव में शुक्रवार रात कारोबारी दंपति को आतंकित कर चेन लूटने वाले बदमाश भी हेलमेट लगाए थे। रात में वे मोटरसाइकिल पर थे, जबकि दिन में स्कूटी पर नजर आए।
बंगाली कोठी के पास स्कूटी पर आए दो बदमाश महिला के हाथ से मोबाइल छीनकर भाग गए। बाद में लूटा गया मोबाइल आईएसबीटी पर ट्रक के नीचे पड़ा मिला। इस मामले में पुलिस ने दो मजदूरों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की है।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के बंगाली कोठी क्षेत्र निवासी संध्या नेगी रविवार दोपहर में बाजार से वापस अपने घर लौट रही थी। इसी बीच स्कूटी पर आए दो बदमाशों ने पैदल जा रही संध्या के हाथ से मोबाइल झपट लिया। इसके बाद बदमाश बाईपास की तरफ फरार हो गए। हालांकि प्राथमिक सूचना तो महिला के गले से चेन छीनने की आई थी।
बाद में पुलिस ने चेन छीनने की बात को नकार दिया। एसओ दिलबर नेगी ने बताया कि बदमाश महिला से मोबाइल छीनकर ले गए थे। बाद में बदमाश मोबाइल को आईएसबीटी के पास ईंटों से भरे ट्रक के नीचे फेंककर चले गए थे। इसी बीच मोबाइल पर कॉल की गई तो एक मजदूर ने फोन रिसीव किया, तब जाकर पता चला कि लुटेरे मोबाइल फेंक गए है।
इस मामले में पुलिस ने दो मजदूरों से पूछताछ भी की है। एसओ ने बताया कि पीड़ित महिला का कहना है कि लुटेराें के चेहरे खुले हुए थे। बदमाश हेलमेट नहीं पहने थे। पुलिस ने घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिया है।