मंगलवार की की सुबह प्रेमनगर बाजार स्थित एक मिठाई की दुकान में लगी आग बुझाते फायरकर्मी और लगी भीड़
प्रेमनगर बाजार में एक मिठाई की दुकान में आग लग गई। मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर जैसे-तैसे काबू पाया। लेकिन, तब तक लाखों का माल खाक हो चुका था। हालांकि, दमकल टीम दुकान में रखे एलपीजी के आठ सिलिंडरों को समय से बाहर निकालकर बड़ा हादसा टालने में कामयाब रही।
अग्निकांड प्रेमनगर के त्यागी मार्केट स्थित कालरा स्वीट शॉप में हुआ। सुबह के समय दुकान के शटर के नीचे से धुआं निकलते देख अखबार विक्रेता दिनेश उनियाल ने फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। जब तक वहां दुकान मालिक और दमकलकर्मी पहुंचते तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इससे आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाना शुरू किया।
दुकान के ऊपरी मंजिल में गोदाम बना था। यहां से गैस सिलिंडर व अन्य सामान निकाला गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन आग की वजह से भारी नुकसान हो गया। बताया गया है कि कालरा स्वीट शॉप के मालिक रंजीत कालरा की सात दशक पुरानी यह दुकान काफी प्रसिद्ध है। दमकल विभाग दुकान संचालक के साथ मिलकर वास्तविक नुकसान का आकलन कर रहा है।
सर्जिकल उपकरण के स्टोर में लगी आग
सोमवार देर रात कैनाल रोड कंडोली स्थित शिव मंदिर के पास रमेश चंद्र के मकान में बनी मेडिकल व सर्जिकल स्टोर की दुकान में भी आग लग गई। फायर सर्विसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। यहां भी फायर सर्विस नुकसान का आकलन कर रही है।