ट्रैकर, जीप, सूमो यूनियन कार्यालय के सामने खड़े वाहन में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। आसपास के लोग उस ओर दौड़े और वाहन के अंदर सो रहे चालक को बमुश्किल बाहर निकाला। सूचना पर पहुंचे फायरकर्मी राहत बचाव में जुट गए। जब तक आग को काबू में किया वाहन अंदर से जलकर खाक हो गया।
हरिद्वार बाईपास मार्ग पर जीएमवीएन गेस्ट हाउस के समीप ट्रैकर, जीप, सूमो यूनियन का कार्यालय है। बताया जा रहा है बीते बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे यूनियन के सामने मार्ग के किनारे खड़े एक टाटा सूमो से अचानक आग की लपटें उठते देख हड़कंप मच गया। वाहन के अंदर चालक रमेश भी सो रहा था।
लोगों ने शोर मचाकर उसे जगाया और वाहन से बाहर निकाला। सूचना पाकर पहुंचे फायरकर्मी नरेश सिंह, राजेंद्र शुक्ला और शौकीन सिंह पहुंचे आग बुझाई। फायरकर्मियों ने बताया कि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले में जांच की जा रही है। वाहन स्वामी उमेश रावत को घटना की सूचना दे दी गई है।
जानबूझकर तो नहीं लगाई आग
बंद वाहन में लगी आग ने सवाल खड़े कर दिए हैं। फायरकर्मियों की मानें तो इंजन बंद होने पर शार्ट-सर्किट नहीं हो सकता। ऐसे में आशंका है कि किसी ने वाहन में आग जानबूझकर तो नहीं लगाई। बहरहाल मामले की जांच की जा रही है।