देहरादून। चकराता रोड स्थित हरियाणा हैंडलूम के शोरूम में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक शोरूम मालिक ने सुबह करीब 11 बजे दुकान का शटर खोला और लाइट का स्विच भी ऑन किया। स्विच ऑन होते ही शोरूम के ऊपरी हिस्से में रखे सामान से धुआं निकलने लगा। देखते ही देखते आग पूरे तल पर फैल गई। उन्होंने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बाद दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। फायर ब्रिगेड के दो वाहनों ने मिलकर करीब डेढ़ घंटे में आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम में रखा काफाी सामान राख हो चुका था। आग लगने के कारणों का फायर ब्रिगेड के विशेषज्ञ जांच कर रहे हैं। साथ ही मालिक के साथ मिलकर नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।