जीएमएस रोड के पास बृहस्पतिवार को कार शोरूम के टॉप फ्लोर पर बने स्टोर में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मचारियों की ओर से लगातार पानी की बौछारें डालने के कारण आग ज्यादा नहीं फैल पाई। प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। सीट कवर समेत कीमती सामान जलकर राख हो गया है।
शहर के मंडी चौक से जीएमएस रोड पर जाने वाले मार्ग पर मारुति कार का शोरूम है। सुबह करीब दस बजे अचानक शोरूम की टॉप बिल्डिंग पर बने स्टोर से धुआं निकलना शुरू हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने तत्काल इसकी सूचना शोरूम कर्मचारियाें को दी। इससे कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। कर्मचारियाें ने फायर बिग्रेड को सूचना देकर मौजूद फायर यंत्रों से आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लेकिन तब तक आग बढ़ चुकी थी। फायरकर्मियों ने दो वाहनों की मदद से लगातार पानी की बौछारें डालनी शुरू की। तब जाकर इस पर काबू पाया जा सका।
गनीमत रही समय रहते आग को बढ़ने से रोक लिया गया। निचले तल पर कार खड़ी होने के साथ प्रथम तल पर स्टाफ मौजूद था। दूसरे फ्लोर पर पेंट का सामान रखा हुआ था। यदि आग पेंट में लगती तो बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता। फायर कर्मियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया आग का कारण शार्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है।