बच्चों को स्कूल ले जा रही वैन में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वैन से बच्चों को उतार दिया।
चालक ने बच्चों के साथ ही अपनी भी जान बचाई। पांच बच्चों स्कूल छोड़ने के बाद वैन इन दोनों बच्चों को दूसरे स्कूल छोड़ने जा रही थी। प्राथमिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। इंस्पेक्टर नेहरू कॉलोनी, राजेश साह का कहना है कि वैन प्राइवेट नंबर की थी। इस संबंध में आज संभागीय परिवहन अधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी ताकि इस वैन के साथ ही ऐसे अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
बताया जा रहा है कि हरि सिंह निवासी माजरी माफी अपनी वैन से बच्चों को स्कूल ले-जाने और लाने का काम करता है। गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुले तो वह हमेशा की तरह सोमवार को भी माजरी माफी इलाके के सात बच्चों को स्कूल के लिए लेेकर चला था। इनमें पांच बच्चे डिफेंस कॉलोनी स्थित डीएवी स्कूल के थे, जबकि दो बच्चे आईआईपी स्कूल जाने वाले थे। उसने पहले पांच बच्चों को डीएवी स्कूल छोड़ा और बाकी दो बच्चों को लेकर आईआईपी स्कूल के लिए चल दिया।
जैसे ही वह डिफेंस कॉलोनी स्थित पुलिस चौकी से आगे निकला, वैन से धुआं निकलने लगा। हरि सिंह ने भांप लिया कि वैन में कहीं आग लगी है। इसके बाद तत्काल उसने दोनों बच्चों को वैन से बाहर निकाला। इसके बाद हरि सिंह और आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे वैन में लगी आग पर काबू पाया।