ढकरानी मोड स्थित एक कबाड़ी के गोदाम में बुधवार को आग लग गई। सूचना पर डाकपत्थर से अग्निशमन वाहन घटनास्थल पर पहुंचे। अग्निशमनकर्मियों ने आग बुझाना शुरू किया, लेकिन आग का दायरा बढ़ता जा रहा था। सेलाकुई से भी अग्निशमन वाहन बुलाने पड़े। आग से गोदाम में रखे 10 पुरानी कार और वाहनों से निकाले गए पार्ट्स आदि जल गए। करीब तीन घंटे बाद अग्निशमनकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
सुबह करीब 11.30 बजे ढकरानी मोड़ पर स्थित खलील के कबाड़ के गोदाम में अचानक से आग लग गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते गोदाम से आग की बड़ी-बड़ी लपटें और धुएं के गुबार उठने लगे। ग्रामीणों ने स्वयं ही मोर्चा संभाला, लेकिन आग का दायरा बढ़ने लगा। जब ग्रामीण सफल नहीं हुए तो हरबर्टपुर पुलिस और डाकपत्थर अग्निशमन स्टेशन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्टेशन से एक टीम अग्निशमन वाहन के साथ मौके पर पहुंच गई।
इस बीच आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। सेलाकुई अग्निशमन स्टेश से भी वाहन बुलाया गया। तीन वाहनों की मदद से अग्निशमनकर्मियों ने आग पर काबू पाया। आग बुझाने वाली टीम में मनोज नेगी, आकाश चौधरी, रविकांत, सुरुचि रावत, कल्पना, सनम पंवार, सोबरन सिंह, शिवकुमार, मीनाक्षी रावत, सरस्वती आदि शामिल रहे।