फतेहपुर निवासी नवीन राठौर के खिलाफ सहसपुर कोतवाली पुलिस ने जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि उसने आनंद कुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पूर्व में भी विवाद हुआ था।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के अनुसार, बैरागीवाला निवासी आनंद कुमार ने शिकायत दी कि 17 अगस्त की रात करीब 10:25 बजे नवीन राठौर ने उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी इससे पहले भी उसका ट्रैक्टर रोककर गाली-गलौज और बतमीजी कर चुका है। विवाद के बाद दो बार लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार उसे परेशान कर रहा था और धमकी दे रहा था कि अकेले मिलने पर जान से मार देगा। शिकायतकर्ता ने आरोपी से जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संवाद