संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। रुद्रप्रयाग के क्यूड़ी दौडिक निवासी वीर बहादुर और देहरादून के प्रेमनगर स्थित स्मिथ नगर निवासी पूजा के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर सेलाकुई थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन पर मारपीट, गाली-गलौज और आपराधिक धमकी का आरोप हैं। आरोप है कि मई माह में बहादुरपुर रोड पर वीर बहादुर ने पत्नी बबीता के साथ डंडे और चाकू से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी थी।
थाना प्रभारी शैंकी कुमार ने बताया कि जगदंबा कॉलोनी, बहादुरपुर रोड निवासी बबीता देवी ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया था। बबीता कि शिकायत के अनुसार 15 मई की रात करीब 9:00 वीर बहादुर ने डंडे और चाकू से उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया, हाथ, कमर और सिर पर डंडे से प्रहार किए और सीने पर लात मारी। बेटी के साथ थाने जाने पर उनको और बच्ची को चाकू दिखाकर धमकाया। आरोप है कि बच्ची के गले पर चाकू रखकर उसे जबरन ले जाने का प्रयास भी किया गया।
पूजा पर भी आरोप है कि वह वीर बहादुर के संपर्क में थी और घटना के समय उसके साथ मौजूद रहकर उसे उकसाती रही। शिकायत में उनके दोनों मोबाइल फोन ले जाने का भी जिक्र है। आरोपों की जांच की जा रही है।