सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बैरागीवाला निवासी भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी विनोद कुमार की हत्या के बाद कथित रूप से भड़काऊ और सांप्रदायिक टिप्पणियां करने के आरोप में हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने उन पर दो समुदायों के बीच वैमनस्य और घृणा फैलाने, धार्मिक भावनाएं भड़काने तथा लोक शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने के इरादे से आपत्तिजनक बयान देने का आरोप लगाया है।
सीओ अनुज कुमार ने बताया कि बैरागीवाला में सिंचाई के पानी को लेकर हुए विवाद में विनोद कुमार की मौत हो गई थी, जबकि उनके परिजन घायल हुए थे। इस घटना के बाद रविवार को गांव में बड़ी संख्या में लोग विरोध प्रदर्शन के लिए एकत्र हुए थे। इसी दौरान हिन्दू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा भी वहां मौजूद थे।
जांच में सामने आया कि उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों और अन्य लोगों के सामने मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित रूप से उत्तेजक, भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणियां कीं। संबंधित वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने के बाद मुस्लिम समुदाय में रोष व्याप्त हो गया। ऐसे बयान क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का कारण बन सकते थे। उपलब्ध वीडियो और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।