- 2022 में जमीन बेचने का झांसा देकर लिए थे 13.75 लाख रुपये, न कब्जा दिया न रकम लौटाई
- भुगतान की रसीद, बैंक स्टेटमेंट और जमीन से जुड़े दस्तावेज के आधार पर पुलिस ने शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
विकासनगर। सहसपुर कोतवाली पुलिस ने देहरादून क्षेत्र की मुस्लिम कॉलोनी निवासी वसीम खान, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के मिमलाना रोड निवासी मोहम्मद शाहजमा, औलिया मोहल्ला निवासी सौरभ गर्ग, संजीव गर्ग, समता गर्ग और सुरेश मित्तल के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
कोतवाली प्रभारी प्रदीप रावत के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा निवासी रितिक अग्रवाल ने शिकायत दी है कि वर्ष 2022 में आरोपियों ने मौजा शाहपुर कल्याणपुर में जमीन बेचने का झांसा देकर उनसे 13 लाख 75 हजार रुपये ले लिए। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने जमीन को कानूनी रूप से स्पष्ट और विवादरहित बताया था, लेकिन भुगतान लेने के बाद न तो जमीन का कब्जा दिया और न ही रकम वापस की।
शिकायतकर्ता ने बताया कि वर्ष 2022 से लगातार वह आरोपियों से संपर्क करता रहा, लेकिन उसे हर बार आश्वासन देकर टाल दिया गया। शिकायतकर्ता ने भुगतान की रसीदें, बैंक स्टेटमेंट और जमीन से संबंधित दस्तावेज होने की जानकारी दी है। मामले में धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाने के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाएगी।