कालीधार में हुए हादसे में मृतकों और घायलों के लिए सरकार ने आर्थिक सहायता प्रदान की है। जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि दुर्घटनाओं में मारे गए जिले के निवासी मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये स्वीकृत कर दिए गए हैं, जबकि गंभीर रूप से घायलों को 40-40 हजार और सामान्य घायलों के लिए 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में अन्य जिलों के मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की संस्तुति शासन से की गई है। वहीं विधानसभा उपाध्यक्ष और अल्मोड़ा के विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने दुर्घटना पर दुख जताया है।
उधर टैक्सी महासंघ के अध्यक्ष शैलेंद्र तिलारा ने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग से यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा है कि कहा कि ओवर लडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों का साथ यूनियन नहीं देगी।
एक जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ मार्ग में चितई से पेटशाल के मध्य सड़क काफी खतरनाक है। चितई से आगे कालीधार और इसके आसपास के क्षेत्रों में दुर्घटनाएं होती रहती हैं। करीब डेढ़ दशक पहले राज्य परिवहन निगम की बस दुर्घटना में 27 लोगों की मौत हो गई थी। तब एक मृतक के परिजन ने कालीधार में मंदिर का बनाया है। इधर हाल के वर्षों में कालीधार और उसके आसपास के क्षेत्रों में दुर्घटनाएं होती रही हैं।