एक निजी फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक समेत पांच कर्मचारियों ने देनदारों की किस्त के 11.77 लाख रुपये का गबन कर लिया। कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर उत्तरप्रदेश के आगरा जिले के लोहकरेरा निवासी बीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह एंबिशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (इनका फिनटेक) के विकासनगर शाखा के क्षेत्रीय प्रबंधक है। बताया कि कंपनी भारतीय रिजर्व बैक से मान्यता प्राप्त है। कंपनी महिलाओं के छोटे समूहों को रोजगार के लिए ऋण प्रदान कर उसके आर्थिक व सामाजिक उत्थान के लिए कार्य करती है।
क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि सहारनपुर निवासी शाखा प्रबंधक अनुज कुमार, कर्मचारी विशेष कुमार, सचिन सिरोही, रॉकी कुमार और चंद्रा शेखर चौहान कंपनी में कार्यरत थे। सभी पांच कर्मचारियों के खिलाफ गंभीर वित्तीय अनियमितताएं पाई गईं।
बताया कि इन कर्मचारियों ने ऋण की किस्त के 11,77,855 रुपये एकत्र किए। लेकिन, रकम का भुगतान कंपनी को नहीं किया। कर्मचारियों ने पूरी धनराशि का गबन कर लिया। बताया कि ऋण की किस्त जमा न होने से देनदारों का क्रेडिट स्कोर खराब हो गया।
बताया कि लेखा परीक्षण में गबन का खुलासा होने के बाद सभी ने अपनी गलती मानी और धनराशि वापस लौटाने का वादा किया। लेकिन, उसके बाद से सभी कर्मचारी लापता हैं। उनके परिवार के सदस्य भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेंद्र भाटी ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात संबंधी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।