डीजीपी अशोक कुमार ने सभी जिलों से सोशल मीडिया निगरानी सेल को अलर्ट रखने के निर्देश दिए हैं। कहा, यदि कोई भड़काऊ पोस्ट डालता है तो उसके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। यदि किसी से गलती से पोस्ट हो जाती है तो उसकी काउंसलिंग कराई जाए। उन्होंने आगामी जी-20 सम्मेलन और कांवड़ मेले को लेकर भी समय से सुरक्षा प्लान बनाने को कहा।
डीजीपी ने सोमवार को सभी जिलों के पुलिस कप्तानों और दोनों रेंज अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। उन्होंने शहरों और गांवों में वृहद स्तर पर सत्यापन अभियान चलाने को कहा। कई मामलों में दूसरे राज्यों से रिपोर्ट देरी से आ रही है। इसमें तेजी लाने लिए भविष्य में सर्कुलर भी जारी किया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाओ के अभियान में अन्य विभागों से समन्वय बनाने के निर्देश दिए।
आगामी कांवड़ मेले की सुरक्षा के मद्देनजर फोर्स की तैनाती और पड़ोसी राज्यों के साथ बैठक करने के लिए कहा गया। डीजीपी ने कहा, कांवड़ मेले में इस साल बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी तैयारियां जल्द पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए। कहा, यदि कोई हेट स्पीच देता है तो सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में उसके खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करें। इस दौरान पुलिस मुख्यालय में एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी मुरुगेशन, एडीजी इंटेलीजेंस एपी अंशुमान, डीआईजी सेंथिल अबूदई कृष्णराज एस मौजूद रहे।