कारगी ग्रांट में रविवार रात किशोरी की फोटो खींचने और छेड़छाड़ को लेकर दो पक्षों में टकराव हो गया, जिसमें कई लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार भीड़ को तितर-बितर किया।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तरफ से बलवे की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 50 लोगों को मुचलकों में पाबंद करने का दावा किया है।
पटेलनगर थाना क्षेत्र के कारगी ग्रांट में रविवार शाम एक नाबालिग की फोटो खींचने को लेकर एक समुदाय के दो पक्षों में मारपीट हो गई। बात इतनी बढ़ी कि रात में दोनों पक्षों के कई सौ लोग लाठी-डंडे लेकर आमने सामने आ गए। मारपीट के साथ उनमें लाठी-डंडे चल गए।
इसी बीच सूचना पाकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर रितेश शाह को उपद्रवी भीड़ को तितर-बितर करने को लाठी फटकारनी पड़ी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के करीब छह लोगों को हिरासत में लिया गया।
एसपी सिटी प्रदीप राय और एएसपी लोेकेश्वर सिंह ने कई थानों की पुलिस को साथ लेकर स्थिति का जायजा लिया। इंस्पेक्टर रितेश शाह ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से गाली-गलौज, मारपीट और बलवे की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
मुकदमों में पांच-पांच आरोपी बनाया गया है। नाबालिग के फोटो खींचने और छेड़छाड़ के आरोप में तीसरा मुकदमा दर्ज किया गया है। इसके अलावा दोनों पक्षों के करीब 50 लोगों को मुचलकों में पाबंद करने की कार्रवाई की गई है।