दोस्तों के साथ हैड़ाखान मंदिर रानीखेत घूमने आईं नीदरलैंड की पर्यटक सेम्मथा मारिया (44) की हृदयघात से मौत हो गई। उन्हें यहां सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
डॉक्टरों का कहना है कि सेम्मथा का ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया था। कई दिनों से भोजन न करने से उनकी तबियत बिगड़ गई थी। नीदरलैंड दूतावास के अधिकारी सोमवार को मोर्चरी आएंगे। इसके बाद ही पोस्टमार्टम किया जाएगा।
सेम्मथा मारिया पांच जुलाई को अपने साथियों के साथ हैड़ाखान पहुंची थीं। शनिवार को हालत बिगड़ी तो साथी उन्हें लेकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंच गए।
यहां उपचार के दौरान विदेशी पर्यटक की सुबह मौत हो गई। चौकी प्रभारी ने मौत के बारे में डॉक्टरों से पूछताछ की। इस मामले में एलआईयू ने एसएसपी की तरफ से नीदरलैंड दूतावास को तत्काल सूचना भेजी।
शाम दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे सोमवार को मोर्चरी आएंगे। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव का कहना है कि दूतावास के अधिकारियों से बातचीत के बाद ही पोस्टमार्टम के बारे में निर्णय लिया जाएगा।