देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से राजकीय महिला कल्याण व पुनर्वास केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। बृहस्पतिवार को उच्च शिक्षा आपके द्वार कार्यक्रम के तहत जागरूकता व जन सहभागिता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को प्रवेश, स्वास्थ्य, पोषण और योग के प्रति जागरूक किया गया।
विवि परिसर निदेशक डॉ. सुभाष रमोला ने कहा कि शिक्षा समाज को जागृत व विकसित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बताया कि विवि दूरस्थ व मुक्त शिक्षा के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का कार्य कर रहा है। गृह विज्ञान विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. प्रीति बोरा ने छात्राओं को स्वास्थ्य व पोषण के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए मौसमी फलों के नियमित सेवन पर विशेष जोर दिया। वहीं योग विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. नीता देवली ने योग के माध्यम से शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के उपाय बताए। इस अवसर पर मधु नवानी, पूजा उप्रेती समेत शिक्षक व छात्राएं मौजूद रहीं।