महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष की फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर एक पखवाड़े से महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजने का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेत्री के शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को थाने पहुंचे। कांग्रेसियों ने एक हफ्ते में दोषी का पता लगाकर कार्रवाई न होने पर थाने का घेराव कर आंदोलन करने की बात कही है। महिला नेत्री ने इस मामले में थाने प्राथमिकी दर्ज कराई है।
महिला कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष का कहना है कि उन्होंने थाने में मौखिक शिकायत की, लेकिन सिवाय आश्वासन के कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे गुस्साए कांग्रेसी सोमवार को महिला नेता के साथ पुलिस थाने आ धमके। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सात दिन के भीतर मामले का पर्दाफाश नहीं होने पर थाने के घेराव के साथ ही आंदोलन की बात कही है।
इधर, महिला नेता का कहना है कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर उसकी सहेलियों और अन्य महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजे जा रहे हैं। उन्हीं के जरिये उन्हें मामले की जानकारी मिली।