नगर पालिका शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में नए हाईटेक वायरलेस कैमरे लगाने की तैयारी कर रही है। पुराने 35 कैमरों की वायरिंग बार-बार खराब होने से निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इससे पुलिस को भी संदिग्ध गतिविधियों और घटनाओं की निगरानी में परेशानी उठानी पड़ रही थी। पहले चरण में छह प्रमुख चौराहों पर कैमरे लगाए जाएंगे।
नगर पालिका की योजना के अनुसार नए कैमरों में पारंपरिक वायरिंग की जरूरत नहीं होगी और चार्जिंग आधारित व्यवस्था के माध्यम से इन्हें संचालित किया जाएगा। इससे बार-बार वायरिंग खराब होने और कैमरों के बंद पड़ने की समस्या दूर होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि नए कैमरों के रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका स्वयं संभालेगी।
पुराने कैमरों की देखरेख की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था के पास स्पष्ट रूप से न होने के कारण लंबे समय से इनके रखरखाव की समस्या बनी हुई थी। कैमरे खराब होने के बाद भी वह समय पर दुरुस्त नहीं हो रहे थे। इसका सीधा असर शहर की निगरानी व्यवस्था पर पड़ रहा है।
पहले चरण में डाकपत्थर चौक, अस्पताल चौक, पहाड़ी गली चौक, गीता भवन चौक, मंडी चौक और वेंदाश चौक पर हाईटेक कैमरे लगाए जाएंगे। इन स्थानों पर बाजार और यातायात की गतिविधियां अधिक रहती हैं। नगर पालिका की ओर से अक्तूबर माह में कैमरे लगाने का कार्य पूरा करने की तैयारी है। इसके बाद शहर के अन्य हिस्सों में भी निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।
शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए वायरलेस हाईटेक कैमरे लगाए जा रहे हैं। इनके रखरखाव की जिम्मेदारी नगर पालिका स्वयं संभालेगी, ताकि भविष्य में कैमरे खराब होने पर लंबे समय तक व्यवस्था प्रभावित न हो। - धीरज बॉबी नौटियाल, नगर पालिका अध्यक्ष।