बीएसएनएल की ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) में फॉल्ट आने से छावनी बाजार क्षेत्र और आसपास के 30 से अधिक गांव में संचार सेवा ठप हो गई। इससे इंटरनेट और लैंडलाइन सेवा भी ठप हो गई है। मोबाइल फोन भी शोपीस बने हुए हैं। ई-ड्रिस्टिक्ट सेवा केंद्र में भी प्रमाणपत्र संबंधी कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा रहा। प्रमाणपत्र बनाने आए लोगों को निराश लौटना पड़ा।
छावनी बाजार क्षेत्र को छोड़ अन्य इलाकों में बीएसएनएल ही संचार का एक मात्र साधन है। बुधवार सुबह 10 बजे ओएफसी में फॉल्ट आ गया। इससे क्षेत्र के टॉवरों ने काम करना बंद कर दिया। ठाणा, टुंगरा, मटियावा समेत 30 से भी अधिक गांवों में मोबाइल फोन शोपीस बन कर रह गए। ग्रामीण प्रवीन रावत, सरदार सिंह, सुबोध, कलम, भारत सिंह, संदीप का कहना है कि निगम की लचर संचार सेवा का खामिजाया लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बीते सोमवार को भी इंटरनेट सेवा के काम न करने के कारण तहसील मुख्यालय में कामकाज पूरी तरह से ठप रहे थे। मंगलवार की शाम को कुछ घंटों के लिए इंटरनेट सेवा ने काम किया। इसके बाद बुुधवार की सुबह एक बार फिर संचार सेवा ध्वस्त हो गई।
वहीं, बीएसएनल के एसडीओ निर्मल नेगी ने बताया कि ओएफसी के फॉल्ट को ढूंढा जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र की संचार सेवा बहाल कर दी जाएगी। वहीं, सोमवार को तहसील को जाने वाली ओएफसी को कुछ शरारती तत्वों ने काट दिया था। इस कारण ई-ड्रिस्टिक्ट सेवा केंद्र की संचार सेवा ध्वस्त हुई थी। शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस में भी तहरीर दी जा रही है।